डॉ. बीना लवानिया (बायें), कबाड़ से बनी पीसा की मीनार
- फोटो : अमर उजाला
ताजनगरी में स्क्रैप मैटेरियल (कबाड़) से एक ऐसा पार्क विकसित किया जाएगा जो मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धन भी करेगा। दिल्ली में वेस्ट टू वंडर पार्क बना चुकी कंपनी या वी डू ने इसकी योजना बनाई है। आगरा निवासी कंपनी की वाइस प्रेजिडेंट डॉ. बीना लवानिया ने बताया कि उद्देश्य इस सांस्कृतिक पार्क के जरिए ताजनगरी में पर्यटन को बढ़ावा देना है। उनका कहना है कि नाइट टूरिज्म के लिए इस तरह के प्रयास करने ही होंगे। इस पार्क के लिए प्रशासन से बात की जाएगी।
प्रतापपुरा स्थित अपने आवास पर शनिवार को ‘अमर उजाला’ से बातचीत में डॉ. बीना ने बताया कि वेस्ट टू आर्ट नाम से प्रोजेक्ट स्वच्छ भारत मिशन से जुड़ा है। इस प्रोजेक्ट में मेटल स्क्रैप से अद्भुत कलाकृतियां बनाई जाती हैं। पीपीई मॉडल पर दिल्ली में नगर निगम के साथ मिलकर 2018-19 मे तैयार किए गए वेस्ट टू वंडर पार्क में पीसा की मीनार, ताजमहल, स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी सहित सात अजूबों की प्रतिकृति दर्शकों को रोमांचित करती है।
इनके बारे में विस्तृत जानकारी पढ़ने को मिलती है तो ज्ञानवर्धन भी होता है। ऐसा ही पार्क आगरा में बनाना है जिसमें भारतीय संस्कृति और विरासत के दर्शन होंगे। अनुभव करके सीखने के इस दौर में सांस्कृतिक पार्क बच्चों के लिए जानकारियों का खजाना होगा। उन्होंने बताया कि मेटल स्क्रैप से वारणसी में एक घाट भी तैयार किया है।