प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा अरुण सिन्हा को जिला अस्पताल में चिकित्सकीय सेवाएं बदहाल मिलीं। मरीजों से पता चला कि चार महीने से सीटी-स्कैन नहीं हो रहा है। एक्सरे फिल्म तक नहीं मिलती है। इन तमाम शिकायतों को प्रमुख सचिव ने सूचीबद्ध किया।
दोपहरी करीब 12 बजे प्रमुख सचिव जिला अस्पताल पहुंचे। पर्चा काउंटर, ओपीडी, वार्ड का निरीक्षण किया। यहां मरीजों से बात की तो आधी-अधूरी दवाएं मिलने की शिकायत मिली। नई इमारत, पैथोलॉजी लैब और ब्लड बैंक का हाल जाना। सीटी स्कैन सेंटर कक्ष पर ताला लगा था। निरीक्षण के बाद प्रमुख सचिव ने चिकित्साधिकारियों के साथ मीटिंग की। इसमें खराब पड़ी सीटी स्कैन मशीन दुरुस्त न कराने का कारण पूछा।
सीएमओ ने बताया कि कंपनी ने इसके लिए 28 लाख रुपये का बजट बताया है। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा है, वहां से मंजूर नहीं हुआ। इस पर प्रमुख सचिव ने इन सभी की रिपोर्ट मांगी है। प्रमुख सचिव अरुण सिन्हा ने बताया कि बजट के अभाव में जो सेवाएं बंद पड़ी हैं, उनका शासन से जारी करवाया जाएगा।
सीनियर सिटीजन को भी स्वास्थ्य बीमा
सीनियर सिटीजन को भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिलेगा। इसके तहत इनका अलग से बीमा होगा और इलाज का 30 हजार रुपये तक का खर्च सरकार वहन करेगी। ये जानकारी प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अरुण सिन्हा ने दी।
जिला अस्पताल में पत्रकारों को बताया कि अभी तक गरीब परिवारों के लिए ये योजना संचालित है। जल्द ही बुजुर्ग भी इसका लाभ उठा सकेंगे। इसके लिए चयनित बीमाधारकों को कार्ड मिलेगा। इसमें तय निजी हास्पिटलों में बुजुर्ग इलाज करा सकेंगे। इसके अलावा आगरा में दम तोड़ रही राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना को भी जीवंत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भौतिक सत्यापन के बाद सूची तैयार होगी, इनको भी 30 हजार रुपये तक का इलाज निजी हास्पिटल में कराने की सुविधा होगी।
खुलेगी जीरियाट्रिक मेडिसिन यूनिट
- जिला अस्पताल में बुजुर्गों के इलाज के लिए अलग से यूनिट खोली जाएगी। प्रमुख सचिव ने बताया कि यहां जल्द जीरियाट्रिक मेडिसिन यूनिट बनेगी। चिकित्सक नियुक्त होंगे। बताया कि बच्चों की तरह बुजुर्गों की बीमारियां के अलग से विशेषज्ञ होने से इलाज आसान होगा।
डायलिसिस सेंटर को बनारस के हास्पिटल से समझौता
जिला अस्पताल में डायलिसिस सेंटर के स्थापित होने की उम्मीद बंध गई है। प्रमुख सचिव ने बताया कि डायलिसिस सेंटर के लिए बनारस हेरिटेज हास्पिटल से समझौता हुआ है। 12 दिसंबर तक आगरा में यूनिट स्थापित होनी थी, लेकिन किन्हीं कारणवश इसमें देरी हुई है। 18 जिलों में ये सेवा शुरू होनी है। बनारस, इलाहाबाद, आजमगढ़ में 12 दिसंबर तक सेवा शुरू हो जाएगी।