आगरा के शास्त्रीपुरम स्थित मंगलम आधार सोसाइटी में रह रहे 6 पिल्लों को बोरे में बंद कर फेंकने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में कैस्पर्स होम संचालिका विनीता अरोरा ने एनिमल वेलफेयर बोर्ड में शिकायत की है। उनका कहना है कि कुत्तों के साथ क्रूरता के मामले में पुलिस का रवैया काफी लचर है। इस कारण अब वह कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगी।
उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को मंगलम आधार की निवासी एक पशु प्रेमी ने शिकायत की। बताया कि 2 महीने पहले एक फीमेल डाॅगी ने 6 पिल्लों को जन्म दिया था। वह भूतल पर ही रह रहे थे। इनको वह खाना खिलाती थी। इस बात से सोसाइटी के कई लोग नाराज थे। 28 अप्रैल को कुछ लोगों की मदद से पिल्लों को एक बोरे में भरवाया गया।
उन्हें कहीं अज्ञात स्थान पर फेंक दिया गया। इस पर पिल्लों के बारे मेें सोसाइटी के पदाधिकारियों से जानकारी की गई, लेकिन उन्होंने कोई उचित जवाब नहीं दिया। विनीता अरोरा ने कहा कि पिल्लों को इस तरह से ले जाकर उनकी जान को खतरा पैदा किया गया है। उन्होंने लीगल नोटिस भेजा है। पुलिस ऐसे मामले में लापरवाह बनी हुई है। वह कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगी। उधर, सोसाइटी के लोगों का कहना है कि पिल्लों के बारे में जानकारी नहीं है।