छुट्टी पर आए सीआरपीएफ कर्मी की हुई मौत
-घर में मचा कोहराम, कोतवाली पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के कृष्णा नगर अध्यापक कालोनी निवासी सीआरपीएफ कर्मी की मंगलवार देर शाम अचानक मौत हो गई। परिजन जिला अस्पताल लाए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कुछ दिन पूर्व कर्मी छुट्टी पर घर आए थे। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा नगर अध्यापक कॉलोनी निवासी भूमिराज सिंह (52) सीआरपीएफ में थे। वर्तमान में उनकी तैनाती श्रीनगर में थी। 28 जुलाई को वह छुट्टी लेकर घर आए थे। 10 अगस्त को उन्हें वापस ड्यूटी पर जाना था। मंगलवार की देर शाम वह घर में बैठे हुए थे। तभी अचानक बेसुध होकर गिर गए। परिजन जिला अस्पताल लेकर आए तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।