मथुरा के कोसीकलां की एक कॉलोनी में रहने वाले सीआरपीएफ के जवान ने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना ही दूसरी शादी कर ली। जब पहली पत्नी घर आने-जाने लगी, तब दूसरी पत्नी ने इसका विरोध किया तो जवान ने उसे घर से भगा दिया। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
बताया गया कि बच्चा न होने के कारण जवान ने पहली पत्नी को छोड़ दिया था। इसके बाद उसने खुद को तलाकशुदा बताते हुए गोवर्धन निवासी एक महिला से शादी कर ली। जबकि जवान ने पहली पत्नी को तलाक नहीं दिया था। उसे छोड़ने के बाद भी उससे मिलता रहा।
बच्चा होने के बाद पहली पत्नी घर आने-जाने लगी। इस बात का खुलासा होने पर कि वो जवान की पहली पत्नी है और उसने उसे तलाक नहीं दिया है, दूसरी पत्नी ने इसका विरोध किया। विरोध करने पर जवान ने उसे घर से निकाल दिया। दूसरी पत्नी से उसके एक पुत्र और एक पुत्री है।
महिला का आरोप है कि बेटे को जवान ने अपने पास रख लिया और मारपीट कर पुत्री सहित उसे घर से निकाल दिया है। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए थाना में नामजद तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक रवि त्यागी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर जांच कराई जा रही है।