गोवर्धन के बाजार में उमड़ी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के कस्बा गोवर्धन में कोरोना कर्फ्यू में शर्तों के साथ मंगलवार को बाजार में दुकानें खुलीं, लेकिन नियमों का पालन नहीं हुआ। ग्राहकों की भीड़ सुबह से ही उमड़ने लगी। भीड़ के चलते शारीरिक दूरी के नियम तार-तार हो रहे थे। पुलिस की ओर से वहां कोई व्यवस्थाएं नहीं थी। बाजार में कई जगह जाम लगने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कोरोना कर्फ्यू में सुबह 7 से 11 बजे तक आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खोलने की अनुमति दी गई है। इसी को लेकर सुबह 8 बजते ही बाजारों में ग्राहकों की जबरदस्त भीड़ रही। बड़ा बाजार, हाथी दरबाजा, त्रिपोलिया बाजार, मोदी खाना आदि स्थानों पर भीड़ के चलते जाम लग गया। कोविड नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं।
ज्यादातर लोग बिना मास्क के बाजार में देखे गए। कुछ महिलाएं छोटे बच्चों के साथ बाजार में सामान खरीदने पहुंचीं, इतनी घोर लापरवाही कि उन्हें जरा भी कोरोना का डर महसूस नहीं था।। बाजार खोलने का तय समय समाप्त होने के बाद भी कुछ दुकानदार शटर बंद कर सामान बेच रहे थे। बाजार में कोविड गाइडलाइन के नियमों का उल्लंघन हो रहा था और पुलिस मूकदर्शक बनी रही।