सोरोंजी। तीर्थंनगरी में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर कांवड़ मेले की दुकानें पूरी तरह से सज चुकी हैं। मंगलवार से कांवड़ियों की संख्या बढ़ने लगेगी। लगातार कांवड़ियों की टोलियां तीर्थनगरी में पहुंचेंगी। मेले के दुकानदारों ने 200 से अधिक दुकानें कांवड़ के साज-सज्जा के सामान की सजाई हैं।लहरा घाट, हरि की पौड़ी, चंदन चौक, बस स्टैंड रोड, कासगंज गेट, होडलपुर में दिनरात काम कर दुकानदार अपनी दुकानें सजाने में लगे हैं, होडलपुर तक मेले का विस्तार हुआ है, दुकानें गणेशजी मन्दिर से आगे पेट्रोल पंप तक लग गईं हैं। कांवड़ मेले को लेकर दुकानदारों में उत्साह है, लेकिन उन्हें इस बात की भी आशंका है कि गृह राज्य के अलावा समीपवर्ती राज्यों में भी बोर्ड की परीक्षाएं चल रहीं हैं। जिसके कारण कांवड़ियों की संख्या भी प्रभावित हो सकती है। इन दिनों मध्यप्रदेश और राजस्थान के कांवड़ियों की टोलियां ही निकलीं हैं। अब आसपास के क्षेत्रों के इलाकों के कांवड़ियों की टोलियां ही पहुंचेंगी। शिवरात्रि से एक दिन पूर्व 60-70 किलोमीटर के दायरे में कांवड़िये निकलते हैं। क्षेत्रीय लोग भी कांवड़ भरने के लिए पहुंचते हैं।