कासगंज। नदरई में मंगलवार को बाबा भीमसेन मंदिर पर मेला का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण आंचल एवं कस्बाई इलाकों के लोग मेला देखने के लिए पहुंचे। बाबा भीमसेन मंदिर में लगा 84 मन का घंटा लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। दूर दराज से आए लोगों ने मंदिर में पूजा कर मनोकामना मांगी। नदरई के बाबा भीमसेन मंदिर में मंगलवार को मेले का शुभारंभ कमेटी अध्यक्ष जय नारायण राजपूत व अन्य पदाधिकारियों ने पूजा कर किया। बाबा भीमसेन मेला का पौराणिक महत्व है। कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि इस मेले का आयोजन होली पर्व के बाद पहले मंगलवार को किया जाता है। पर्व के नजदीक होने की वजह से मेला का आयोजन दूसरे मंगलवार को हुआ। सुबह से ही मेला में बाबा भीमसेन मंदिर पर श्रद्धालु पहुंचने लगते हैं। लोगों ने बच्चाें की कुशलता व लोगों की खुशहाली के लिए मंदिर में मनौती मांगी। सुबह से ही मेले में दुकानें सजने लगीं। मीना बाजार, खाना व खिलौनों की तमाम दुकानें सजी हुईं थीं। मेला में जलेबी, पकौड़ी, टिक्की आदि खाद्य पदार्थों की स्टॉलों पर स्वाद ले रहे थे। बाबा भीमसेन मंदिर 84 मन के घंटा पर दर्शन कर भक्तों ने प्रसाद चढ़ाया। अलग-अलग काली के अखाड़ों ने प्रदर्शन किया। अन्य धार्मिक आयोजन भी नदरई में किए गए। मेले में आस-पास के गांव अहरौली, बढ़ारी वैश्य, भैंसोरा, मारुहपुर, पथरेकी, अल्लीपुर, ढिलावली, कुरामई, तबालपुर, छावनी सहित अन्य गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मेला देखने के लिए पहुंचे।