मैनपुरी जिले में कुछ बदमाश पुलिस टीम पर भारी पड़ गए। शुक्रवार की सुबह कार सवार बदमाश पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारकर भाग गए। घटना में एक सिपाही घायल हुआ है, वहीं पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
घटना थाना औंछा क्षेत्र की है। पुलिस को सूचना मिली कि कार सवार कुछ बदमाश मैनपुरी की ओर आ रहे रहे हैं। इस पर कोतवाली पुलिस की टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की। सूचना मिलते ही यूपी 100 की कई गाड़ियां भी पीछा करने लगीं।
औंछा क्षेत्र में पुलिस की गाड़ी ने बदमाशों की कार को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस के वाहन में टक्कर मार दी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।