कैंट स्थित साउथ रेलवे कालोनी में 80 फीट ऊंची पानी की टंकी पर गुरुवार सुबह 10 बजे एक युवक चढ़ गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। फायरब्रिगेड की दमकल बुला ली गई। इस पर वह टंकी मेें कूद गया। हालांकि उसमें पानी नहीं था। दो घंटे बाद उसे सुरक्षित उतार लिया गया। पुलिस का कहना है कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक टंकी की सीढ़ियों पर बैठा हुआ था। अचानक वह ऊपर चढ़ गया। इसके बाद शोर मचाना शुरू कर दिया। उसके नीचे गिरने की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने उसे नीचे आने का इशारा किया तो वह टंकी में कूद गया। सूचना पर आए दमकल कर्मियों ने उसे उतारने के लिए हाईड्रोलिक मशीन की मदद ली गई। युवक को रस्सी बांधकर टंकी से बाहर निकाला। युवक ने अपना नाम सुल्तान बताया।