युवक की हत्या के बाद परिजनों से पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
एटा जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव पुराहार में सोमवार की देर शाम शादी समारोह में जा रहे चालीस वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारा इतना शातिर निकला कि चंद कदम आगे चल रहे भाई को भनक तक नहीं लगी। गोली की आवाज सुनकर उसने पीछे मुड़कर देखा तो भाई खून से लथपथ जमीन पर गिर चुका था। भाई ग्रामीणों की मदद से उसे अस्पताल लेकर पहुंचा यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है।
बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्याः फोरेंसिक लैब भेजे अंतःवस्त्र, परिजनों ने पुलिस के गुडवर्क पर खड़े किए सवाल
गांव पुराहार में शाम करीब साढ़े सात-आठ बजे के दौरान एलकार पुत्र रेवारी लाल अपने भाई ब्रजेश के साथ गांव के ही रविलाल के यहां शादी समारोह में जा रहे थे। ब्रजेश आगे जबकि एलकार पीछे चल रहा था। अचानक कहीं से आई गोली एलकार को लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
गोली चलने की आवाज सुन ब्रजेश ने पीछे मुड़कर देखा तो एलकार लहूलुहान पड़ा था। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को ओर से किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है, वहीं अभी हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है, लेकिन अभी तक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है, पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
हर्ष फायरिंग की चर्चा
विवाह समारोह के आयोजनों के चलते गांव में युवक की हत्या पर लोगों में हर्ष फायरिंग की चर्चा होती रही।