फायरिंग में एक गोली सीधे भूपेंद्र के सीने में लगी। भूपेंद्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन भूपेंद्र का सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र, सीओ टूंडला देवेंद्र सिंह, कार्यवाहक थाना प्रभारी नारखी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है। घटना के संबंध में भूपेंद्र के भाई हरीकिशन की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया।
इन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई
भूपेंद्र के भाई हरीकिशन की तहरीर पर पुलिस ने राजेंद्र सिंह यादव के पुत्र विनय उर्फ करुआ, अवधेश, दिनेश, संतोष, सत्येंद्र पुत्र अवधेश, जौनी पुत्र संतोष, विपिन पुत्र अवधेश और जीतू पुत्र दिनेश के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, गाली-गलौज की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र ने बताया कि थाना नारखी के गांव भरतपुरा में बाजरा की करब के पास रखे उपले हटाने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद में युवक भूपेंद्र की हत्या कर दी गई। मामले में भूपेंद्र के भाई की तहरीर पर आठ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।