थाना क्षेत्र के मोहल्ला कछपुरा में सोमवार सुबह सूर्योदय स्कूल के सामने एक जीजा ने अपने साले की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। बहन को प्रताड़ित किए जाने के विरोध में आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
बीचबचाव कराने पर मृतक की मां भी घायल हो गई। हत्या के बाद फरार हो रहे आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर एएसपी क्राइम, सीओ, एसडीएम सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
कस्बा अवागढ़ के मोहल्ला कछपुरा निवासी भानु प्रताप उर्फ नैना (25) पुत्र नरसिंह सोमवार सुबह घर से बाजार गया था। घर लौटते समय भानु को उसके जीजा सोनू पुत्र रघुवीर निवासी टिकाथर अवागढ़ ने रोक लिया। दोनों बातचीत कर रहे थे कि तभी सोनू ने भानु पर चाकू से प्रहार कर दिया।
बचाव के लिए भानु भागा लेकिन, कुछ दूर पर सोनू ने उसे पकड़ लिया और चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। बेटे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची मां लीलावती पर भी सोनू ने चाकू से प्रहार कर घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे सोनू को लोगों ने पकड़ लिया और सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। घटना की जानकारी पर एएसपी संजय कुमार, एएसपी क्राइम राहुल कुमार, सीओ जलेसर गुरुमीत सिंह, जलेसर सर्किल एवं कोतवाली देहात थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।