एटा के थाना सकीट क्षेत्र में लगुन समारोह के दौरान के गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने गांव के तीन युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुट गई है।
सकीट के ग्राम दत्तपुर में 30 वर्षीय गौरव पुत्र बालिस्टर सिंह अपने भाई बंटू और बहन रूबी के साथ गांव में ही सतीश पुत्र विनोद के लगुन समारोह में आया था। यहां उसकी किसी बात पर पवन, ललित और रवि से कहासुनी हो गई।
इसी दौरान पवन ने तमंचे से गौरव को गोली मार दी। घटना से लगुन समारोह में हड़कंप मच गया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल गौरव को परिजन जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गौरव की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता बालिस्टर सिंह ने पवन, ललित और रवि के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। वहीं तीनों आरोपी फरार हैं।