आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र में पत्नी ने घर खर्च के लिए रुपये मांगे तो पति ने उसकी पिटाई कर दी। पत्नी ने थाना में शिकायत की। इसकी जानकारी पर सास भी मोहल्ले की महिलाओं के साथ थाना पहुंच गई। सास ने बहू को खरीखोटी सुनाई। थाने पर हंगामा होने पर पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत किया।
बताया जा रहा है कि हरीपर्वत क्षेत्र की महिला की शादी सात साल पहले जगदीशपुरा निवासी एक युवक से हुई । महिला का आरोप है कि शादी के बाद से पति उसके साथ मारपीट करता है। घर खर्च के लिए रुपये नहीं देता है।
पिछले दिनों थाना पर दोनों के बीच समझौता हुआ था। इसमें 1200 रुपये पति के द्वारा हर महीने घर खर्च के लिए देना तय हुआ। मगर, फिर से पति ने रुपये देने बंद कर दिए। पत्नी के विरोध करने पर उसकी पिटाई लगाता है।
बुधवार को जब पत्नी ने रुपये मांगे तो उसकी बहुत पिटाई की। इस पर पत्नी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। जानकारी होने पर सास मोहल्ले की महिलाओं को लेकर थाना पहुंच गई। सास ने बहु को बहुत बुरा भला सुनाया। पुलिस ने दोनों पक्षों को जैसे तैसे शांत कराया। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।