अगर आपने अलीबाबा चालीस चोर फिल्म देखी है तो मरजीना का किरदार जरूर याद होगा। यह भी नहीं भूले होंगे कि उसने चोरों को पूरे मोहल्ले के मकानों पर एक जैसे निशान लगाकर कैसे भ्रमित किया था। कहानी इसलिए याद आई है क्योंकि आवास विकास सेक्टर -10 में एक महिला ने अपने घर के गेट पर धागे बंधे देखकर इसे दोहराया है।
उसने घर के बाहर लाल धागे बंधे देखे तो लगा कि चोर मकान को चिह्नित कर गए हैं। उसने पहले पुलिस बुलाई। फिर भी तसल्ली नहीं हुई तो वैसे ही धागे पूरी कालोनी के घरों पर बांध दिए। यह अलग बात है कि चोर नहीं आए। मामला रविवार का है। महिला के घर में शादी थी। बरात गई हुई थी। घर पर सिर्फ महिलाएं थी। बच्चे बाहर खेल रहे थे।
तभी बच्चों ने देखा कि दो बाइक पर आए चार युवक घर के गेट पर कुछ बांध रहे हैं। उन्होंने मां को बताया। तब तक युवक जा चुके थे। घर के गेट पर लाल धागे बंधे हुए थे। महिला ने समझा कि युवक चोर थे, घर चिह्नित कर गए हैं, रात को आएंगे चोरी करने। इस कालोनी में पिछले एक महीने में तीन चोरी हो चुकी हैं। महिला ने सिकंदरा थाना पुलिस को फोन कर दिया।
पुलिस पहुंची तो कह दिया कि उसे पूरा यकीन है कि चोर आएंगे, अगर चोरी हो गई तो पुलिस की जिम्मेदारी होगी लेकिन इतने से भी उसे तसल्ली नहीं हुई। चार पुलिसवाले रात भर उसके घर के सामने बैठे रहे लेकिन महिला ने वैसे ही लाल धागे आस-पास के 20 घरों में बांध दिए। जैसे अलीबाबा चालीस चोर फिल्म में मरजीना ने आस-पास के सभी घरों पर वैसे ही निशान लगा दिए थे।
मामले में सिकंदरा थाना के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि महिला को भ्रम हो गया था। उसने धागे बंधे देख समझ लिया कि चोर आएंगे। इसलिए थाने भी फोन किया और यूपी 100 पर भी। पुलिस वहां तैनात रही लेकिन कोई चोर नहीं आया।