हरीपर्वत पुलिस ने की पूछताछ, हिदायत देकर जमा करवाई रकम
त्योहारी सीजन में लुटेरों के गैंग सक्रिय हैं, ऐसे में पुलिस भी चेकिंग में जुटी है फिर भी लोग जागरूक नहीं हो रहे हैं। संजय प्लेस स्थित एक निजी बैंक में गुरुवार को एक कारोबारी बिना किसी सुरक्षा के 11 करोड़ रुपये लेकर पहुंच गया। बाहर चेकिंग कर रही पुलिस ने उसकी कार रोक ली। रकम की जानकारी पर पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस ने कारोबारी को हिदायत देने के बाद रकम बैंक में जमा करवाई।
घटिया निवासी एक कारोबारी का किनारी बाजार में चांदी का कारोबार है। पांच दिन बैंक बंद रहने के कारण वह कैश जमा नहीं कर सके। गुरुवार को 11 करोड़ रुपये बोरों में भरकर एक कार में संजय प्लेस स्थित बैंक आए। बैंक के बाहर हरीपर्वत पुलिस चेकिंग कर रही थी। कार में बोेरे देखकर पुलिस को शक हो गया। पुलिस ने कार को चेक किया तो रुपये देखकर होश उड़ गए। बिना किसी सुरक्षा के रकम लाए जाने पर पुलिस ने कारोबारी को आड़े हाथ लिया। उनसे कहा कि पुलिस सुरक्षा थाने से ली जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने कारोबारी का कैश बैंक में जमा करवा दिया।
पांच लाख के लिए भी मिल सकती है सुरक्षा
आगरा। अगर आप पांच लाख या इससे अधिक बैंक में जमा कराने या निकालने जा रहे हों तो आप पुलिस से सुरक्षा ले सकते हैं। इसके लिए कोई शुल्क भी नहीं देना होगा। आईजी सुजीत पांडेय ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि कोई भी व्यापारी सुरक्षा मांगे तो उसे तुरंत प्रदान की जाए। इसके लिए सिर्फ फोन करना है। कोई फार्म भी नहीं भरना है।
50 लाख लुटवाकर भी सबक नहीं
आगरा। पिछले साल कागारोल में पशु व्यापारी से 50 लाख लूटे गए। हल्ला मच गया था। पुलिस की नींद हराम हो गई थी। बड़ी मुश्किल से केस खुला। व्यापारी बगैर सुरक्षा के बैंक से कैश ले जा रहा था। इस केस के खुलासे के कुछ दिन बाद ही पुलिस ने एक गाड़ी पकड़ी। इसमें 42 लाख बगैर कैश के ले जाया जा रहा था। जांच हुई तो पता चला कि यह उसी पशु व्यापारी की है, जिसका 50 लाख कैश लुटा था।