पति मनु अभिषेक के साथ महिला जज प्रतिभा गौतम की तस्वीर
महिला जज प्रतिभा गौतम की हत्या से आक्रोशित वकीलों ने गुरुवार को काम नहीं किया। इससे वादकारी तारीख लेकर लौट गए। बंदियों को पेशी के बाद वापस जेल भेज दिया गया। वकील शव को टेंपो से ले जाने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। शाम को बार एसोसिएशन हॉल में न्यायिक अफसरों और वकीलों ने जज प्रतिभा सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
बार एसोसिएशन ने हत्या की न्यायिक जांच और अन्य दोषी लोगों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हड़ताल का एलान किया था। गुरुवार को वकीलों ने काम नहीं किया। कुछ वकील कोर्ट पहुंचे तो साथियों ने उन्हें वापस कर दिया।
अपनी तारीख पर कचहरी पहुंचे वादकारियों से खुद ही कोर्ट जाकर तारीख लेने को कह दिया गया। शाम को बार एसोसिएशन हॉल में श्रद्धांजलि सभा हुई। इसमें जिला जज इफाकत अली, सीएमएम समेत अन्य न्यायिक अफसर, बार एसोसिएशन अध्यक्ष तरुणेंदु वाजपेयी और महामंत्री योगेंद्र अवस्थी ने श्रद्धांजलि दी। सभा में शोक प्रस्ताव भी रखा गया।