एत्माद्दौला और हरीपर्वत पुलिस ने वाहन चोर गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 21 बाइक, नौ एक्टिवा और एक बोलेरो कार बरामद की है। गैंग के सदस्य नई बाइक को चोरी के बाद पांच से आठ हजार रुपये में बेच देते थे। आन डिमांड अपाचे और स्प्लेंडर बाइक की चोरी करते थे।
एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि एत्माद्दौला पुलिस ने मंगलवार को कालिंदी विहार के सौ फुटा रोड से हाथरस के अजीत पुत्र शिशुपाल सिंह, अजीत सिसौदिया पुत्र महावीर सिंह और मोनू भारद्वाज को गिरफ्तार किया। अजीत सिसौदिया बीए का छात्र है। इनके पास से एक मास्टर की, दस बाइक और एक बोलेरो कार बरामद हुई हैं। इनके दो साथी पंकज निवासी हाथरस और किरन पाल उर्फ कालू निवासी सहजपुर, अलीगढ़ भागने में सफल रहे। गैंग का सरगना टीटू निवासी लौहचा जलेसर, एटा का है। वह अभी जेल में बंद है। गैंग आगरा और आसपास के जिलों में वारदात करता था।
वहीं हरीपर्वत पुलिस ने सोमवार को चेकिंग के दौरान सेंट पीटर्स तिराहे से तीन वाहन चोरों अमित शर्मा निवासी गांधी नगर (फीरोजाबाद), इमरान और जुवैर निवासीगण बिल्लोचपुरा (लोहामंडी) को दबोचा है। इनके पास से 11 बाइक और नौ एक्टिवा बरामद हुई। अमित संजय प्लेस, देहली गेट और सदर बाजार से वाहनों को चोरी करता था। खुद को फाइनेंस कंपनी का रिकवरी एजेंट बताकर चोरी की बाइक की बिक्री कर देता था। इमरान और जुवैर बाइक मैकेनिक हैं।