मिढ़ाकुर और फतेहाबाद में दो युवकों की हत्या
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मिढ़ाकुर में भरतपुर राजस्थान के युवक योगेश कुमार की रविवार को सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई। शव मिढ़ाकुर रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके पास मिले कागजातों के आधार पर शिनाख्त कर परिवारीजनों को सूचना दे दी है।
मिढ़ाकुर रेलवे स्टेशन के सामने बनी नर्सरी में शाम लगभग पांच बजे कुछ बच्चे बकरी चरा रहे थे। तभी उन्होंने वहां एक युवक (22) का शव पड़ा देखा। इस पर उन्होंने इसकी जानकारी घर जाकर अपने परिवारीजनों को दी। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने सूचना मिढ़ाकुर पुलिस चौकी पर दी। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज हरेन्द्र सिंह ने शव की तलाशी ली तो उसकी जेब से वोटरकार्ड, पेनकार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल और नशीले चूर्ण की दो पुड़िया मिलीं। चौकी इंचार्ज ने बताया कि युवक की पहचान योगेश पुत्र सुरेश चंद निवासी ठौंठ मोहल्ला अस्तामन कदीम कुम्हेर जिला भरतपुर के रूप में की गई है। उसके सिर पर पीछे से प्रहार कर हत्या की गई है। मौके पर मृतक का टूटा हुआ चश्मा भी मिला है। घटना की जानकारी युवक के परिवारीजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये भिजवा दिया है। कस्बे के ही एक परिचित व्यक्ति ने बताया कि युवक अपने गांव की जमीन बेचकर अपनी ननिहाल नदबई के हैलक गांव में रहता था।
फतेहाबाद के पलिया में पड़ा मिला ट्रक हेल्पर का शव
फतेहाबाद (आगरा)। थाना क्षेत्र के ग्राम पलिया में शनिवार रात एक ट्रक हेल्पर की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के पास से मिले कागजों के आधार पर उसकी पहचान की गयी है। पुलिस की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे उसके परिवारीजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
फतेहाबाद के पलिया गांव में शनिवार रात एक युवक (25) का शव सड़क किनारे पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक की जेब में मिले कागजों और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान राहुल पुत्र दूजू सिंह निवासी गांव बिजौली बकेवर इटावा के रूप में की है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिवारीजनों को दे दी है। मौके पर पहुंचे युवक के पिता दूजू सिंह ने बताया कि राहुल ट्रक पर हेल्पर की नौकरी करता था। शनिवार रात फोन पर बातचीत के दौरान राहुल ने अपने को शमसाबाद में बताया था। देर रात पुलिस ने उसकी मौत होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में ट्रक चालक इश्तियाख निवासी कानपुर से फोन पर बात की गई तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।