मंगलवार देर रात मथुरा पुलिस ने 48 हजार के नकली नोटों के साथ दो भाई गिरफ्तार किए हैं। इनके कब्जे से दो-दो हजार के 24 नोट बरामद हुए हैं। यह दोनों कैरियर बताए जा रहे हैं, जबकि तस्कर फरार हो गया। गिरफ्तार भाइयों से एनआईए और एटीएस ने भी घंटों पूछताछ की।
मंगलवार रात गोविंदनगर पुलिस को सूचना मिली कि महाविद्या कालोनी के रामलीला ग्राउंड में लगी नुमाइश में दो युवक सामान खरीदते वक्त दो-दो हजार के करारे नोट दे रहे हैं। यह दोनों संदिग्ध लग रहे हैं। पुलिस ने नुमाइश में पहुंचकर दोनों युवकों को पकड़ लिया।
इनमें एक का नाम भार्गव गली केशोपुरा निवासी पिंटू उर्फ जाहिद है जबकि दूसरा उसका भाई शाकिर मटिया गेट पर रहता है। एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने बताया कि दोनों के पास से दो-दो हजार के 24 नकली नोट मिले हैं। पिंटू उर्फ जाहिद घीयामंडी में परचून की दुकान चलाता है। यह दोनों कैरियर हैं, मास्टरमाइंड पिंटू का साला कोसीकलां के नकासा मुहल्ला निवासी आसु उर्फ आस मोहम्मद है।