आवास विकास कालोनी में गुरुवार को नो एंट्री में भारी वाहन की एंट्री से फिर हादसा हो गया। सेक्टर नौ में करकुंज रोड पर चंबल सैंड से भरा ट्रक गायत्री पब्लिक स्कूल के 45 छात्रों से भरी बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक बस को काफी दूर तक घसीटता ले गया। बस चालक और सात छात्र घायल हो गए। अन्य मामूली रूप से चोटिल हुए। चीखपुकार सुनकर आए लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इसी बीच ट्रक छोड़कर भागते चालक को एक कार चालक ने पीछा कर पकड़ा। लोगों ने उसकी पिटाई लगाई। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
घटिया आजम खां स्थित गायत्री पब्लिक स्कूल की दूसरी यूनिट शास्त्रीपुरम मेें है। गुरुवार दोपहर 12:30 बजे इस यूनिट के 11वीं के छात्रों को लेकर स्कूल बस घटिया आजम खां जा रही थी। चालक बस को कारगिल चौराहे से करकुंज चौराहे की ओर ले जा रहा था। तभी सेक्टर नौ स्थित रागेंद्र स्वरूप स्कूल के पास से चंबल सैंड से भरा ट्रक करकुंज रोड की ओर आया और टर्न पर अनियंत्रित होकर बस से टकरा गया। ट्रक बस को घसीटता ले गया। बस एक होर्डिंग के एंगिल के सहारे टिक गई, जिससे पलटने से बची। लोगों ने छात्र शाहजमा खान, वरुण अग्रवाल (पीपल मंडी), सचिन कुमार (न्यू राजामंडी), सचिन वर्मा (संजय प्लेस), हनी आसवानी (घटिया आजम खां), अंकित अग्रवाल (मुगल रोड, कमला नगर), सुशील खंडेलवाल (सिटी स्टेशन रोड), बस चालक छुट्टन को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें से गंभीर घायल सचिन वर्मा को दिल्ली गेट स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके मुंह में चोट लगी है।
उधर, जानकारी पर भाजपा नेता सुधीर गोयल, पूर्व पार्षद कपिल वाजपेयी, मोनिका नाज खान ने छात्रों के परिवारीजनों को सूचना दी। गुस्साए लोगों ने जाम लगा हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। स्कूल मैनेजर प्रद्युम्न चतुर्वेदी ने बताया कि सभी छात्र सुरक्षित हैं। जिन्हें चोट लगी है, उनका इलाज कराया जा रहा है।
हादसे के बाद हुआ था बवाल
फरवरी 2014 में करकुंज पर ही ईंटों से भरे ट्रक की चपेट में आने से स्कूटर सवार एक कारोबारी की बेटी और बेटा घायल हो गए थे। घायल बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ और आगजनी कर दी थी।
अभिभावकों में हड़कंप
घटना की जानकारी पर अभिभावक घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सभी छात्रों को स्कूल की दूसरी बस से घर पहुंचाया गया। कई मां-बाप बच्चों की हालत देखकर रो पड़े। उनका स्कूल प्रबंधन के लोगों से विवाद भी हुआ।
चंद रुपयों में मौत की एंट्री
आवास विकास कालोनी स्थित सेक्टर पांच में ईंट मंडी लगती हैं। यहां पर दर्जनों की संख्या में ट्रैक्टर ट्रॉली और ट्रक खड़े रहते हैं। यहां से ही यह वाहन शहर के विभिन्न इलाकों में जाते हैं। पश्चिमपुरी मार्ग पर भी दर्जनों वाहन खड़े रहते हैं। वहीं इसी रास्ते से डीपीएस, सिंपकिंस, गायत्री पब्लिक स्कूल, रागेंद्र स्वरूप के बच्चों का आना-जाना है। आरोप है कि वाहनों के निकलते ही वसूली का खेल शुरू हो जाता है।
सेवला से लेकर आया था ट्रक
पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक रामअवतार निवासी धौलपुर है। वह ट्रक लेकर सेवला से अलीगढ़ जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि ब्रेक फेल होने की वजह से हादसा हुआ। पुलिस मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई करेगी।