जयपुर शताब्दी में सफर कर रहे तीन विदेशी यात्रियों को चेकिंग दल ने बेटिकट पकड़ लिया। गाड़ी के आगरा फोर्ट स्टेशन पर पहुंचने पर चेकिंग दल ने सीटीआई को रिपोर्ट दी। एक युवती समेत तीनों यात्रियों को आरपीएफ के सुपुर्द किया गया, लेकिन यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके बाद आरपीएफ ने तीनों यात्रियों को छोड़ दिया।
जयपुर से आगरा फोर्ट आ रही शताब्दी एक्सप्रेस मेें एक विदेशी युवती और उसके दो साथी रिजर्वेशन कोच में सफर कर रहे थे। ट्रेन में चलने वाले टिकट चेकिंग स्टाफ के सदस्यों ने उनसे टिकट मांगा तो उन्होंने टिकट नहीं होने की बात कही। इस पर उन्हें जुर्माना सहित धनराशि अदा करने को कहा गया, लेकिन वे टिकट लेने को राजी नहीं हुए। ट्रेन सोमवार को तकरीबन 11 बजे आगरा फोर्ट स्टेशन पर पहुंच गई। चेकिंग स्टाफ ने सीटीआई को जानकारी दी। स्टेशन पर उतरने के बाद तीनों यात्री हंगामा करने लगे। इसके बाद आरपीएफ को बुलाकर तीनों को उनके सुपुर्द किया गया, ताकि उन्हें रेलवे मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया जा सके। आरपीएफ के सिपाहियों ने तीनों को स्टेशन के बाहर छोड़ दिया। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं दी गई।