चैंपियंस ट्राफी में पाक की जीत पर शुरू हुई छींटाकशी से ओल गर्मा गया। फेसबुक पर हुई टिप्पणी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। हालांकि फोर्स पहुंचने से हालात नहीं बिगड़े। गांव में पुलिस और पीएसी गांव में तैनात कर दी गई। कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। टिप्पणी करने वाले के खिलाफ राजद्रोह और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अट्ठारह जून को हुई चैंपियंस ट्राफी में पाकिस्तान की जीत के बाद से ही मिश्रित आबादी वाले गांव ओल में तनातनी का माहौल बन गया था। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने पाक की जीत पर मिठाई तक बांटी थी। जश्न मनाया गया था। लेकिन गांव के ही कुछ असरदार लोगों ने हस्तक्षेप करके मामले को वहीं खत्म कर दिया था।
मंगलवार को माहौल उस वक्त गर्माया जब ओल के मुहल्ला चौकीपुरा निवासी दीपक चौधरी ने फेसबुक पर पोस्ट की। इस पर गांव के ही नृपेंद्र पाठक ने पोस्ट किया कि भारत ने मैच को दान में दे दिया है। इस टिप्पणी पर ओल के इमरान कुरैशी ने तीखी प्रतिक्रिया करते हुए अभद्र टिप्पणी कर दी। इस टिप्पणी के बाद ओल का माहौल गर्माने लगा।
दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस को जैसे ही भनक लगी तत्काल गांव में पुलिस के साथ पीएसी भी पहुंच गई। आसपास के छह थानों का फोर्स ओल में बुला लिया गया। एसएसपी विनोद कुमार मिश्र समेत पुलिस के अफसर ओल पहुंच गए। माहौल को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस और पीएसी को गांव में तैनात कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश भदौरिया ने बताया कि देवेश पाठक की तहरीर पर इमरान कुरैशी के खिलाफ 153 ए राजद्रोह एवं आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
एसएसपी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि विवादित टिप्पणी के बाद ओल में पुलिस और पीएसी तैनात की गई। विवादित टिप्पणी करने वाले को जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।