मंटोला के सदर भट्टी में रविवार रात करीब नौ बजे एक प्राचीन धर्मस्थल की आगे की दीवार और कुछ हिस्सा गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आकर वहां से गुजर रहा हींग की मंडी निवासी टीटू यादव घायल हो गया। उसकी ठेल दब गई। उधर कुछ खुराफातियों ने अफवाह फैला दी कि दीवार गिराई गई है। इससे तनाव फैल गया। प्रशासन के मलवे के दोनों ओर बेरिकेडिंग कराकर जेसीबी से मलबा रात में ही उठवा दिया। धर्मस्थल के ऊपर की तरफ निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जबकि प्राचीन इमारत जर्जर हालत में है। माना जा रहा है कि नए निर्माण के दबाव से ही दीवार और आगे का हिस्सा गिरा। रविवार और विहिप नेता अरुण माहौर की हत्या के बाद फोर्स की तैनाती के चलते सड़क सुनसान थी, वरना यहां काफी भीड़ रहती है। उधर कुछ खुराफाती लोगों ने इसे गलत तरीके से पेश कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। वहां भीड़ जमा हो गई, लेकिन अफसरों ने स्थिति को संभाल लिया। सिटी मजिस्ट्रेट रेखा एस चौहान ने बताया कि इमारत गिरासू होने के चलते दीवार गिरी है। धर्मस्थल कमेटी के पदाधिकारियों को बुलाया गया है। उन्हें नोटिस देकर पूछा जाएगा कि निर्माण के लिए अनुमति ली गई थी या नहीं।