फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खाकी के लिए पांच लाख में सौदा

Mon, 15 Dec 2014 03:31 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में रविवार को जगदीशपुरा के केंद्र पर एक मुन्नाभाई पकड़ा गया। वह बुलंदशहर के अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने आया था। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि पांच लाख रुपये में परीक्षा देने का सौदा हुआ था। कालेज के प्रधानाचार्य ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन


पुलिस भर्ती परीक्षा रविवार को शहर में 46 केंद्रों पर सुबह 11 से दो बजे के बीच आयोजित हुई। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के नगला अजीता स्थित ईश्वरी प्रसाद आदर्श इंटर कालेज में परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी को पकड़ा गया। बुलंदशहर लोधना, जहांगीरपुर के विकास कुमार पुत्र साहब सिंह के स्थान पर सादाबाद निवासी ललित कुमार पुत्र कृष्णवीर परीक्षा देने आया था। कक्ष निरीक्षक की सूचना पर उसे थाना जगदीशपुरा पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस पूछताछ में ललित ने बताया कि दयालबाग में उसके रिश्तेदार रहते हैं। उसने बीए तक पढ़ाई की है। विकास ने परीक्षा में पास कराने पर पांच लाख रुपये देने की बात कही थी। रकम बाद में मिलती। कालेज प्रबंधक संतोष कुमार ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन


26927 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आरक्षी एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2013 की मुख्य लिखित परीक्षा 46 केंद्रों पर हुई। इसमें मेरठ, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ सहित राजस्थान के अभ्यर्थी भी शामिल हुए। 27300 में से 26927 ने परीक्षा दी। बता दें कि 15 दिसंबर 2013 को लिखित परीक्षा के बाद आठ अक्टूबर से दस नवंबर तक दौड़ हुई थी। उसमें पास अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया गया। एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा में व्यवस्थाओं के लिए 20 डिप्टी एसपी, 30 राजपत्रित अधिकारी, 66 एसआई, चार महिला एसआई, 350 सिपाही, 20 महिला सिपाही, दो कंपनी पीएसी को लगाया गया।

जहरखुरानी का शिकार हुआ अभ्यर्थी
जयपुर के इंद्रा बाजार निवासी सत्येंद्र पाल परीक्षा देने बस से आगरा आ रहा था। रविवार सुबह वह ईदगाह बस स्टैंड पर बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसके साथ जहरखुरानी की आशंका है। उसके पास कोई सामान नहीं मिला है।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें