यमुनापार के प्रिया हास्पिटल में भ्रूण लिंग जांच के आरोपी डा. राजीव कुमार की सहयोगी ममता का मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है। इसमें भ्रूण लिंग जांच के रैकेट में शामिल एजेंटों का पर्दाफाश हो सकता है।
टीम का कहना है कि एजेंट ने इस फोन नंबर पर कई बार बात की थी। इधर, टीम ने इस बार हास्पिटल में रखी मशीनों के साथ ही कमरे भी सील कर दिए। पीसीपीएनडीटी एक्ट प्रभारी डा. वीरेंद्र भारती ने बताया कि जब्त सामान में डाक्टर के सहयोगी का मोबाइल भी है। इसकी जांच में इस खेल में शामिल अन्य लोगों का भी पता चल सकेगा।
एजेंट लाते थे मरीज, मिलता था मोटा कमीशन
कोख में बेटियों की पहचान के मामले में तार मध्यप्रदेश और राजस्थान तक जुड़े हैं। एजेंट के जरिये मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया जाता है। इसकी एवज में एजेंट का कमीशन तय होता है। शुक्रवार को यमुनापार के प्रिया हास्पिटल में छापेमारी में स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी सामने आई। एजेंट मरीजों को साथ लेकर पहुंचते हैं। एडवांस और जांच होते ही तय रुपये वसूले जाते हैं। ज्ञात रहे कि इससे पूर्व राजस्थान पुलिस ने डा. अमित गुप्ता, नालबंद के सेंटर पर छापा मारा। यहां एजेंट के जरिए 30 हजार रुपये में भ्रूण लिंग जांच की गई थी। फतेहाबाद स्थित सलीम मेमोरियल अस्पताल में अलीमुद्दीन और शरबती बेगम को पकड़ा था।