पाक की जीत पर खुशी मनाने वाले सातों युवक जेल में बंदियों के निशाने पर रहे। कई बंदियों ने इन पर टिप्पणी भी की। बंदियों का गुस्सा देख जेल प्रशासन ने इन सभी की सुरक्षा बढ़ा दी है।
रविवार की रात निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से आगरा के लिए चली इंटरसिटी एक्सप्रेस में आगरा के सात युवकों ने क्रिकेट में पाकिस्तान की जीत पर खुशी मनाई थी। इसकी शिकायत ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने रेलवे कंट्रोल से की। कोच कंडक्टर से भी शिकायत की गई थी। जब ट्रेन मथुरा जंक्शन पर पहुंची तो इन सातों युवकों को रेलवे पुलिस ने दबोच लिया था।
पकड़े गए आगरा के वजीरपुरा निवासी शाहरुख, राशिद, कासिम, मुहम्मद आबिद, रेहान और फेजल को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। सोमवार की सायं जेल पहुंचे सातों युवकों को सीधे नौ नंबर बैरक में पहुंचा दिया गया।
जेल सूत्रों की माने तो इन सातों युवकों को डर था कि कहीं बंदी पिटाई न कर दें। कुछ बंदियों ने इन पर कटाक्ष भी किया था। जेल प्रशासन ने भी हालात को भांपते हुए सभी की सुरक्षा बढ़ा दी। जेलर पीसी शुक्ला का कहना है कि सातों युवकों का बैरक नंबर नौ में रखा गया है।