फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बड़े बलवाइयों तक फिर नहीं पहुंच सके पुलिस के हाथ

Mon, 24 Apr 2017 01:19 AM IST
बड़े बलवाइयों तक फिर नहीं पहुंच सके पुलिस के हाथ
विज्ञापन
बड़े बलवाइयों तक फिर नहीं पहुंच सके पुलिस के हाथ - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

विज्ञापन
सदर बाजार थाना में पुलिस पर हमला कर दरोगा की बाइक फूंकने और सर्विस रिवाल्वर लूटने की घटना में नामजद कराए गए विहिप और बजरंग दल के नौ कार्यकर्ताओं को तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया लेकिन इन संगठनों के एक भी नेता को नहीं पकड़ा है। उन्हें भी नहीं, जो बार-बार बवाल कर रहे हैं। सुनील पाराशर, दिग्विजय नाथ तिवारी, नंद किशोर वाल्मीकि, गौरव रजावत तो ऐसे नाम हैं, जो पहले से बलवे के मामले में फरार चल रहे हैं। ये बलवाई बार-बार थाना में आकर बवाल कर रहे हैं और पुलिस इन्हें पकड़ नहीं पा रही है।
पिछले चार महीने में ताजनगरी में आठ बार बड़े बवाल हो चुके हैं। इनमें से पांच केस में विहिप और बजरंग दल के पांच-छह नेता हर बार नामजद कराए गए हैं। कभी पुलिस से गुत्थमगुत्था हुई तो कभी पथराव किया गया।
विज्ञापन

अफसर दावे करते हैं कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा लेकिन गिरफ्तारी सिर्फ कार्यकर्ताओं की होती है। वह भी उनकी जो मौके पर हाथ आ जाते हैं। इस बार भी यही हुआ है। मौके से हाथ आए 14 कार्यकर्ता जेल पहुंच गए हैं। पहले से फरार चल रहे नेताओं की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

सीकरी बवाल में अब तक
20 अप्रैल - सब्जी विक्रेता रिजवान और मुबीन पर तेहरा जौताना में रात में हमला किया गया।
21 अप्रैल - सीकरी में हिंदू संगठन और भाजपा के नौ कार्यकर्ताओं पर लूट और जानलेवा हमला की धारा में केस।
22 अप्रैल- केस वापसी के लिए हिंदू संगठन पुलिस से भिड़े, सीकरी और सदर बाजार थाना में पुलिस पर हमला। केस दर्ज।
23 अप्रैल- सीकरी और  आगरा शहर में फोर्स तैनात। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश।

बवाल दर  बवाल
--। खातीपाड़ा : बंद पड़ा मंदिर खुलवाने जाने के लिए पुलिस पर पथराव किया गया। आरोपी नहीं पकड़े गए।
--। ईदगाह : युवक की मौत के बाद दुकानों में तोड़फोड़, वाहनों में आगजनी की गई। आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए।
--। नामनेर : दो पक्षों में पथराव हुआ। फोर्स तैनात की गई। केस दर्ज हुआ। हिंदू संगठनों के नामजद पदाधिकारी नहीं पकड़े गए।
--। सुल्तानगंज : पुलिस पर पथराव किया गया। केस दर्ज किया गया। नामजद पदाधिकारी गिरफ्तार नहीं किए गए।
--। ताजगंज  : थाना के सामने बवाल हुआ। मौके से हाथ आया एक आरोपी कोर्ट में पेश किया। बड़े नाम छोड़ दिए।

फतेहपुर सीकरी केस में पांच गए जेल
फतेहपुर सीकरी। चौकी इंचार्ज सुनील कुमार सिंह की ओर से केस दर्ज किया गया। 250-300 आरोपी अज्ञात में है। पांच नामजद हैं। सभी नामजद गिरफ्तार। ये हैं जगमोहन, सागर, उदयवीर, ओमी और मोनू। एफईआईआर में जानलेवा हमला, बलवा, सरकारी काम में बाधा की धाराएं, लोक संपत्ति नुकसान अधिनियम और सेवन क्रिमिनल लॉ एक्ट लगाए गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने दबिश दी है। ये लोग घरों से फरार हो गए हैं। कई के घर पर तो ताला लटका है। इनके परिवारीजन भी रिश्तेदारी में चले गए हैं। उधर अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए वीडियो रिकार्डिंग और फोटो देखे जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दस और लोगों की पहचान कर ली गई है। इनके नाम एक-दो दिन में खोले जा सकते हैं।

सदर बाजार कांड में नौ की गिरफ्तारी
आगरा। पुलिस की ओर से केस दर्ज किया गया है। 150 आरोपी अज्ञात में हैं। 24 नामजद कराए गए हैं। इनमें नौ जेल गए। ये हैं महादेव नगर का रिंकू, नगरा ढढुआ का रंजीत सिंह, डिफेंस एस्टेट का रंजीत शाह, मंडी मिर्जा खां का मनोज, सीकरी का राम प्रकाश, ईदगाह का लोकेश, एमएम गेट का राजीव, तुलसी नगर का मनोज, सिर की मंडी का कुलदीप। 15 फरार हैं। ये हैं बंटी ठाकुर, गोविन्द पाराशर, मधुसूदन शर्मा, नन्द किशोर वाल्मीकि, राजीव शर्मा, अनुपम पंडित, राकेश त्यागी, दिग्विजय नाथ तिवारी, सुभाष, सुनील पाराशर, गौरव राजावत, विनोद शर्मा, राजेन्द्र गर्ग, दीपक अग्रवाल, अनुपम वर्मा।  एफआईआर में डकैती, जानलेवा हमला, सरकारी काम में बाधा, बलवे की धाराएं, सेवन क्रिमिनल लॉ एक्ट, लोक संपत्त्ति नुकसान अधिनियम लगे हैं।

सीकरी में सहमे रहे दुकानदार
फतेहपुर सीकरी। कस्बा में रविवार प्रात: दुकानदारों ने अपने अपने प्रतिष्ठान खोले। तभी पांच- छह युवक  यह कहते हुए निकल गए, दुकानें बंद कर लो। इससे दुकानदार सहम गए। धड़ाधड़ शटर गिरते चले गए। आधे से ज्यादा दुकानें बंद हो गई। खौफ का माहौल पैदा हो गया। डर यह था कि शनिवार की तरह फिर से बवाल न हो जाए। पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। भरोसा दिया कि घबराएं नहीं, तब जाकर कुछ दुकानदारों ने दुकानें खोलीं। पीएसी भी लगाई गई है। बाजारों में पुलिस लगातार गश्त कर रही है।

नाटकीय ढंग से बरामद हुआ दरोगा का रिवाल्वर
आगरा। थाना सदर में शनिवार रात को बवाल करते बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने दरोगा संतोष कुमार से मारपीट कर लूटी गई रिवाल्वर नाटकीय ढंग से बरामद कर ली गई। पुलिस का कहना है कि रविवार शाम को बाइक सवार दो युवक ताज रोड के पास झाड़ियों में उसे फेंककर गए। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन वो भागने में सफल रहे।
पुलिस ने बताया कि सुल्तानपुरा से ताज रोड की ओर रात तकरीबन 7:45 बजे जीप से पुलिस राउंड पर थी। तभी बाइक पर दो युवक खड़े दिखे। पुलिस ने उन्हेें इशारा किया। इस पर युवक बाइक स्टार्ट करके भागने लगे।
इसी बीच बाइक पर पीछे बैठे युवक ने हाथ से झाड़ियों में कुछ फेंका। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन वह भागने में सफल रहे। पुलिस ने झाड़ियों में देखा तो रिवाल्वर थी। पुलिस ने दरोगा से इसकी पुष्टि भी कर ली।
विज्ञापन

बता दें, थाना सदर में शनिवार रात को बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं ने बवाल किया था। इस दौरान केदार नगर चौकी प्रभारी संतोष कुमार बाइक से आ रहे थे। कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला बोला था। उनकी सर्विस रिवाल्वर लूटने के बाद बाइक में आग लगा दी थी। पुलिस ने रिवाल्वर लूटने के मामले में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस रिवाल्वर की बरामदगी के प्रयास में लगी थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें