ताजमहल की सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील शाहजहां पार्क से तस्कर चंदन के दो पेड़ काट ले गए। बुधवार सुबह पार्क में सैर को गए लोगों ने उद्यान विभाग को इसकी सूचना दी तो हड़कंप मच गया। 15 साल पुराने चंदन के दोनों पेड़ों की कीमत लाखों रुपये में है। उद्यान कर्मचारियों की मिलीभगत के चलते साल भर में अब तक 30 से ज्यादा पेड़ काटे जा चुके हैं। मामला चर्चा में आया तो उद्यान विभाग ने चौकीदार को सस्पेंड कर एफआईआर दर्ज करा दी।
ताजमहल और शाहजहां पार्क को छोड़कर चंदन के पेड़ आगरा में कहीं नहीं हैं। अकेले शाहजहां गार्डन में ही 600 से ज्यादा पेड़ हैं, लेकिन सुरक्षा के नाम पर उद्यान विभाग एक चौकीदार तक नहीं लगा पाया है। चूंकि शाहजहां गार्डन ताजमहल के 100 मीटर दायरे से शुरू होता है। इस वजह से पुरानी मंडी चौराहे की ओर, पश्चिमी गेट स्थित नीम तिराहा, पश्चिमी गेट आरके स्टूडियो और अमरूद टीला पार्किंग पर पुलिस तैनात रहती है। पार्क की ओर जाने वाले रास्तों पर ही तकरीबन 70 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, लेकिन पार्क से चंदन के पेड़ लगातार चोरी हो रहे हैं।
मंगलवार रात को भी तस्कर चंदन के दो पेड़ काट ले गए। उद्यान विभाग ने सुबह पेड़ काटने की एफआईआर अज्ञात में लिखवाई, लेकिन शाम को गुम्मट निवासी पिंटू शर्मा का नाम दर्ज करा दिया।
बिजली की आरी और बैग में चंदन
शाहजहां गार्डन में चंदन के पेड़ काटने में उद्यान विभाग के भी कर्मचारी शामिल हैं। उद्यान अधिकारियों ने सख्ती दिखाई तो कर्मचारियों ने बताया कि तस्कर बिजली की आरी से चंद सेकंड में पेड़ काट देते हैं। अपने साथ लाए बड़े बैग में टुकड़े कर के ले जाते हैं। बड़े बैग के साथ पुलिस भी उन्हें पर्यटक समझकर चेकिंग नहीं करती।
‘पार्क के एक गेट पर चौकीदार रहता है, जबकि दूसरा खाली रहता है। चौकीदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। विभाग के लोगों ने पेड़ काटने वालों के नाम बताए हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।’
भैरम सिंह, उप निदेशक, उद्यान