एत्माद्दौला के टेढ़ी बगिया क्षेत्र में सोमवार रात 12 साल की बच्ची के साथ दुराचार के प्रयास का मामला सामने आया है । उसका आरोप पड़ोस में रहने वाले दूसरे समुदाय के युवक पर है। बच्ची के शोर मचाए जाने पर वह भाग निकला। उधर मौके पर काफी लोग जमा हो गए। मंगलवार सुबह हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाना पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। उधर, घटना के बाद से इलाके में तनाव बना हुआ है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है।
बच्ची अपने नाना के साथ सो रही थी। वह दिव्यांग है। आरोप है कि तभी पड़ोस का युवक पहुंच गया। उसने बच्ची को दबोच लिया। बच्ची ने शोर मचा दिया। उसके नाना भी जाग गए। यह देख आरोपी युवक भाग निकला। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। आरोपी के घर रात में ही दबिश दी गई। वह हाथ नहीं आया। उधर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार सुबह एत्माद्दौला थाना पर प्रदर्शन किया। इनमें अविनाश राणा, नंदू जैसवाल, जितेंद्र प्रताप, विवेक शुक्ला, शिवम ठाकुर शामिल रहे।
ट्रांस यमुना में भाभी की आबरू लूटने की कोशिश
आगरा। एत्माद्दौला की ट्रांस यमुना कालोनी में एक युवक पर भाभी के साथ रेप का प्रयास किए जाने का आरोप लगा है। उसके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि रेप में नाकाम होने पर उसने भाभी पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी का यह वार छह माह की भतीजी के हाथ पर लगा। वह घायल हो गई। इस पर आरोपी भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
घटना सोमवार रात 11 बजे की है। महिला दो बेटियों के साथ सो रही थी। छोटी बेटी छह माह की है। आरोप है कि तभी उसका देवर वहां पहुंच गया। वह शराब के नशे में था। महिला ने उसे वापस चले जाने के लिए कहा लेकिन वह गया नहीं। उसने महिला के साथ दुराचार का प्रयास किया। महिला ने उसे धक्का दिया तो वह गुस्से में आ गया। उसने चाकू निकाल लिया। इसके बाद फिर से रेप का प्रयास किया। महिला ने शोर मचाने की कोशिश की तो उसने चाकू से वार कर दिया। यह महिला की छह माह की बच्ची के हाथ में जा लगा। उसके खून निकल आया। महिला ने शोर मचा दिया। इस पर आरोपी वहां से भाग निकला। पुलिस ने बताया कि महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।