आगरा में सिकंदरा के एक होटल में पुलिस ने मंगलवार देर शाम छापा मारा। सोमवार को किसी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को ट्वीट कर इस होटल में देह व्यापार की शिकायत की थी। इसी पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। यहां चार युवक और चार युवतियां पकड़े गए। इनके आईडी कार्ड होटल में जमा थे। पुलिस ने सभी के परिवारीजनों को बुलाकर उनको सौंपा।
बता दें कि आगरा में सिकंदरा के होटल देह व्यापार के लिए बदनाम हैं। यहां घंटों के हिसाब से कमरे बुक किए जाते हैं। पिछले तीन सालों में दस होटलों में सेक्स रैकेट पकड़े भी जा चुके हैं। इनमें से तीन होटल गुड्डू यादव के हैं। वह फरार चल रहा है।
इन होटलों में देह का धंधा चलने के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं करती है। अगर कहीं शिकायत हो जाए तब छापा मारा जाता है। जैसा इस केस में हुआ है। पुलिस ने होटल माधव पैलेस से चार युवक और चार युवतियों को हिरासत में लिया।