मथुरा में एक मंदिर के पुजारी को साले की शादी कराने का झांसा देकर पहले अगवा किया और फिर जबरन अश्लील वीडियो बनाई। उसके बाद ब्लैकमेल कर 25 लाख रुपये मांगे। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताए अनुसार चौबिया पाड़ा निवासी बनवारी चतुर्वेदी पुजारी हैं, उन्होंने शीतलाघाटी निवासी आशीष शर्मा से अपने साले की शादी का जिक्र किया। इस पर आशीष ने कहा कि वह शादी करा देगा। आशीष ने बनवारी को लड़की दिखाने को बीएसए कालेज के पास बुला लिया।
यहां पहले से खड़ा आशीष का साथी पवन उसे अपने घर आनंदपुरी ले गया और बंधक बना लिया। यहां पुजारी से रुपये ऐंठने का प्लान बना। बनवारी लाल चतुर्वेदी के कपड़े उतार दिए गए और उसकी वीडियो बना ली।
इस प्लान में एक महिला भी शामिल थी जो पुजारी के साथ दिख रही है। वीडियो बनाने के बाद पुजारी से कहा गया कि यदि 25 लाख रुपये नहीं मिले तो वीडियो वायरल कर दी जाएगी। दुष्कर्म का केस बनेगा।
एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि घबराया पुजारी दो लाख रुपये देने को तैयार हो गया और रुपये के लिए अपने बेटे प्रिंस को फोन किया। प्रिंस ने कोतवाली पुलिस को बता दिया। कोतवाल शिवप्रताप सिंह ने फिरौती मांगने वालों को रंगेहाथों पकड़ने के लिए प्लान बनाया और प्रिंस को रकम लेकर भेज दिया।
जैसे ही प्रिंस ने रुपयों से भरा थैला सौंपा पुलिस ने पवन और उसके साथियों को दबोच लिया और बनवारी को मुक्त कराया। पुलिस ने इस मामले में पवन शर्मा निवासी आनंदपुरी, राहुल निवासी महोली रोड जनकपुरी, अंकुर पंडित निवासी शीतला घाटी चौक बाजार, सुरेंद्र शर्मा उर्फ रिशू निवासी 80 फुटा रोड गोविंद नगर, आशीष शर्मा निवासी शीतला घाटी चौक बाजार और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए अपराधियों में से अंकुर पंडित लूट के मुकदमों में वांछित है और इस पर 20 हजार का इनाम है। प्रेस वार्ता के दौरान सीओ सिटी प्रीति सिंह भी मौजूद थीं।