छत्ता थाना पुलिस ने बुधवार रात करीब नौ बजे कश्मीरी बाजार स्थित एक कोठे पर छापा मारकर पांच युवतियों को मुक्त कराया। इनसे वेश्यावृत्ति कराए जाने का आरोप है। इनमें से चार नेपाल की रहने वाली हैं और एक कोलकाता की। कोठा संचालक दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। यहां तीन पुरुष भी पकड़े गए हैं। इनमें से दो ग्राहक और एक दलाल बताया गया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।
कश्मीरी गली में पहले भी वेश्यावृत्ति के मामले पकड़े जाते रहे हैं। इस बार सटीक सूचना पर सीओ छत्ता बीएस त्यागी और थाना पुलिस ने छापामारी की। एक ही कोठे पर पांच युवतियां मिलीं। इसकी जानकारी पर आसपास के कोठों पर हड़कंप मच गया। यहां से कई लोग भागते हुए देखे गए। पुलिस ने कोशिश की लेकिन हाथ नहीं आए। एसओ छत्ता थाना ने बताया कि इस मामले में वेश्यावृत्ति कराने की धारा में केस दर्ज किया जाएगा। पिछले सप्ताह भी यहां से पांच युवतियां मुक्त कराई गई थीं। दिल्ली के दो एनजीओ भी कश्मीरी गेट के कोठों पर नजर रखे हैं। इनकी सूचना पर कई बार पुलिस ने छापामारी की है।