ताजनगरी में पुलिस की यूपी-100 सेवा शनिवार शाम से शुरू हो गई। पुलिस लाइन में धूम धड़ाके के साथ किए गए भव्य आयोजन में काबीना मंत्री शाहिद मंजूर ने 76 लग्जरी गाड़ियों की चाबियां पुलिस को सौंपी। इनमें 52 बोलेरो हैं और 24 इनोवा। इन्हें रूट पर तैनात कर दिया गया है। पुलिस को अब सूचना मिलने के बाद अधिकतम 20 मिनट में पहुंचना होगा।
अपर पुलिस महानिदेशक भवेश कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाई। पुलिस लाइन को फूलों से सजाया गया। यूपी 100 की गाड़ियों को गुब्बारे उड़ाकर रवाना किया गया। आईजी सुजीत पांडे ने बताया कि यूपी 100 अपराध नियंत्रण में बेहद कारगर होगी। प्लान इस तरह तैयार किया गया है कि सूचना मिलने के बाद बेहद कम समय में पुलिस मौके पर पहुंच जाएगी।
डीआईजी महेश मिश्रा ने बताया कि यूपी-100 में पुलिस किस तरह से काम करेगी और रिस्पांस टाइम कैसे कम होगा। डीएम गौरव दयाल ने बताया कि यूपी 100 क्राइम कंट्रोल में बड़ी मदद करेगी। एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने भी योजना पर विस्तार से रोशनी डाली।
जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल यादव, मेयर इंद्रजीत आर्य, सपा जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव, शहर अध्यक्ष रहीसुद्दीन कुरैशी, क्षमा जैन सक्सेना, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह, समाजसेवी अशोक जैन सीए, व्यापारी नेता टीएन अग्रवाल, गागनदास रमानी समेत शहर के प्रमुख लोग मौजूद रहे। उधर, इस मौके पर काबीना मंत्री शाहिद मंजूर ने 29 लोगों को ई-रिक्शा का वितरण भी किया।
सीएम ने सपने को हकीकत में बदला: शाहिद
आगरा। प्रदेश के श्रम, रोजगार एवं सेवायोजन मंत्री शाहिद मंजूर ने यूपी 100 के शुभारंभ के मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपने को सच कर दिखाया है। अखिलेश यादव के सिवाय कोई और मुख्यमंत्री यह काम न कर पाता। यूपी 100 से क्राइम कंट्रोल में बड़ी मदद मिलेगी। पब्लिक के मन में पुलिस की छवि और अच्छी होगी। उन्होंने कहा कि बिजली न आने पर लोग धरना प्रदर्शन करते थे, पुलिस भी परेशान रहती थी लेकिन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस समस्या पर काम किया। आज प्रदेश में भरपूर बिजली है। शहर और देहात दोनों को इसका फायदा मिल रहा है।