छीपीटोला में मंगलवार रात 11 बजे एक दुकान पर आइसक्रीम खाने आए होटल व्यवसायी विश्वास सोलंकी को थाना रकाबगंज पुलिस ने पकड़ लिया। आरोप है कि उनको बेंत और लात-घूंसे मारे। इसके बाद थाने पकड़कर ले गए। जानकारी पर उनके परिवारीजन और मोहल्ले के लोग पहुंच गए। तब उन्हें छोड़ा गया।
छीपीटोला, जैन गली निवासी विश्वास सोलंकी किदवई पार्क, लोहामंडी स्थित होटल श्याम से घर जा रहे थे। छीपीटोला टंकी के पास आइसक्रीम खाने लगे। आरोप है कि थाना रकाबगंज इंस्पेक्टर, सिपाहियों के साथ पहुंचे। उन्होंने विश्वास को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर ने पिटाई लगा दी।
विश्वास ने पुलिस से कहा कि उसके पैर में फ्रैक्चर है। चार माह तक वह अस्पताल में भर्ती रहा है। इसके बावजूद पुलिस ने अभद्रता की। जीप में बैठाकर थाने ले गए। इसकी जानकारी पर पिता सुनील सोलंकी मोहल्ले के लोगों के साथ पहुंचे, तब पुलिस ने छोड़ा। उन्होंने इस मामले की शिकायत बुधवार को एसएसपी से की। मामले में जांच के आदेश किए गए हैं।
उधर, इंस्पेक्टर का कहना है कि देर रात तक बाजार में मिलने पर पूछताछ की गई थी। मारपीट का आरोप गलत है। सुनील सोलंकी ने बताया कि शहर में उनके तीन होटल है। इसके बावजूद पुलिस ने अभद्रता की।
कांग्रेसियों ने की कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेता दिनेश बाबू शर्मा ने आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेसियों ने एसएसपी से भी मुलाकात की। इस दौरान देव प्रकाश शर्मा, दीपक शर्मा, राजेश शर्मा, सुनहरी लाल गोला आदि मौजूद रहे।