गांव अहारन में सोमवार को एक व्हाट्स एप ग्रुप पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आपत्तिजनक चित्र डालने और उस पर टिप्पणी करने के मामले में ग्रुप के एडमिन को भेज दिया गया है। इससे पूर्व मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया था। बता दें कि गांव अहारन के कुछ युवकों ने हम है अहारन के लोग नाम से एक व्हाट्स एप ग्रुप बनाया हुआ है। इसका एडमिन अहारन निवासी आरिफ पुत्र मुन्ना खां है। ग्रुप में शामिल इसी गांव के आजाद पुत्र जुम्मन खां ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आपत्तिजनक चित्र बनाकर डाल दिया। इसके साथ ही चित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और कई लोगों को फारवर्ड कर दिया। इसकी जानकारी जब भाजपा कार्यकर्ताओं को हुई तो वे भड़क गए। उन्होंने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता पुष्पेन्द्र सिंह ने इस संबंध में तहरीर थान बरहन में देकर कार्रवाई की मांग की। इस आधार पर पुलिस ने आरिफ पुत्र मुन्ना खां और आजाद पुत्र जुम्मन खां के खिलाफ देरशाम मुकदमा दर्ज कर लिया। देरशाम पुलिस ने आरिफ को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहां से कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। जबकि दूसरे आरोपी आजाद की की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।