मैगी नूडल्स में मोनो सोडियम ग्लूटामेट पाए जाने के मामले में अब
आगरा कोर्ट में परिवाद दायर किया गया है। इसमें नेस्ले इंडिया के एमडी मोहन
गुप्ता, यूपी के खाद्य सुरक्षा आयुक्त पीके सिंह, मैगी का विज्ञापन करने
वाले बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित, प्रीति जिंटा को आरोपी
बनाया गया है। इसमें 14 जुलाई को सुनवाई होगी।
यह परिवाद दयालबाग के
टैगोर नगर निवासी अधिवक्ता महेश बाबू गौतम की ओर से एसीजेएम प्रथम भूपेंद्र
राय की कोर्ट में दायर किया गया है। उन्होंने तीन जून को प्रकाशित अखबार
की एक खबर का हवाला देते हुए कहा कि नेस्ले इंडिया के खाद्य पदार्थों की
गुणवत्ता सही नहीं पाई गई है। मैगी नूडल्स के कई सैंपल लैब टेस्ट में फेल
हुए हैं।
उनका कहना है कि उनके परिवार के प्रवीन कुमार गौतम मैगी खाने
से लीवर संक्रमण के शिकार हुए हैं। उनका दिल्ली के एम्स में उपचार चल रहा
है। इसमें चार लाख खर्च हो चुका है। कोर्ट ने परिवादी महेश बाबू गौतम के
बयान दर्ज करने के लिए 14 जुलाई की तारीख मुकर्रर की है।