आगरा के थाना रकाबगंज में बिजलीघर के पास एक भिखारी की पोटली से पॉइंट 9 एमएम की पिस्टल मिली। लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि पिस्टल दिल्ली के लक्ष्मी नगर थाना में तैनात एक एचसीपी की है। पिस्टल चोरी हो गई थी। इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस को दी गई है। भिखारी से पूछताछ की जा रही है।
इंस्पेक्टर थाना रकाबगंज ने बताया कि शनिवार शाम को एक भिखारी को पिस्टल के साथ लोगों ने पकड़ा था। पुलिस के हवाले किया। भिखारी एक हाथ और पैर से दिव्यांग है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वो भीख मांग रहा था। बिजलीघर स्थित पार्क में तीन युवक शराब पी रहे थे।
भिखारी उनके पास गया। उसने युवकों से 10 रुपये मांगे। युवकों ने उसे कुछ रुपये दिए। उससे कहा कि नमकीन और पानी की बोतल ले आए। इसके बाद उसे पैसे दे देंगे। वो अपनी पोटली उनके पास रखकर चला गया। वापस आया तो युवक नहीं मिले। उसकी पोटली खुली हुई थी। उसमें पिस्टल रखी मिली। तभी लोगों ने उसे देख लिया। उसे पकड़ लिया।