जनपद में बढ़ते अपराध पर एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह का पारा चढ़ गया। उन्होंने क्राइम मीटिंग में थाना प्रभारियों की जमकर क्लास लगा दी। सनसनीखेज घटनाओं का खुलासा न होने पर संबंधित एसओ और एसएचओ की फाइल खुलवा दी। उनकेे खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही खुलासा न हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने सोमवार को क्राइम ब्रांच के दस सिपाही लाइन हाजिर किए थे। इसके बाद पूरी क्राइम ब्रांच को हिदायत दी थी कि ठीक से काम नहीं हुआ तो सबकी गर्दन नाप दी जाएगी। मंगलवार को क्राइम मीटिंग थी। इसमें पिछले दो महीनों में हुई संगीन वारदात पर एक -एक कर रिपोर्ट ली गई। कब्र खोदकर लाश के साथ दुराचार के प्रयास का खुलासा करने के लिए फतेहपुर सीकरी के इंस्पेक्टर की तारीफ की। इसके लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा। थाना नाई की मंडी क्षेत्र के ईदगाह कटघर मोहल्ला में देवबंदी और बरेलवी के बीच हुए टकराव के मामले में पुलिस की लापरवाही पर नाराजगी दिखाई। उन्होंने कहा कि पंचायत की जानकारी पहले से होनी चाहिए थी। मामला बढ़ना नहीं चाहिए था। इस मामले में कार्रवाई के संकेत दिए। इसके साथ ही उन्होंने जन शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। साथ ही सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के लिए कहा। बुधवार को डीआईजी लक्ष्मी सिंह ने अपराध समीक्षा मीटिंग बुलाई है। इसमें भी घटनाओं का खुलासा न होने का मुद्दा फोकस रहेगा। संबंधित सीओ से तैयारी के साथ आने के लिए कहा गया है।
हर वारदात में पुलिस खाली हाथ
ग्रोवर दंपति हत्याकांड : दो महीने हो गए, थाना हरिपर्वत पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई।
फतेहपुर सीकरी डबल मर्डर : 20 दिन में एक भी गिरफ्तारी नहीं, गैंगवार में हत्या का शक।
एक करोड़ की लूट : पशु व्यापारियों से हुई वारदात में कागारौल पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पा रही है।
लॉयर्स कालोनी डकैती : 15 दिन में गिरोह ट्रेस नहीं, बदमाशों के स्केच बनवाकर भूल गई न्यू आगरा पुलिस।
मऊ रोड लूटकांड : फैक्ट्री में हुई 30 लाख की लूट को न्यू आगरा पुलिस ने चोरी में दर्ज किया, खुलासा नहीं हुआ।
-। खंदौली बैंक डकैती : एसओ का निलंबन किया गया, नए थाना प्रभारी भी केस नहीं खोल पाए।
-। बिट्टू अपहरण कांड : आठ दिन हो गए बच्चे के अपहरण को, न्यू आगरा पुलिस पूरी तरह नाकाम।