दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट की शोध छात्रा नेहा शर्मा हत्याकांड के मामले में शाह मार्केट के दुकानदार से आईपैड बरामद करने के बाद सीबीआई को अहम जानकारी हाथ लगी है। टीम को आईपैड बेचने वाले व्यक्ति का नाम मिल गया है। अब उसकी तलाश की जा रही है।
बता दें, नेहा की 15 मार्च 2013 को हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से ही उसका आईपैड गायब था। सीबीआई मालूम करना चाहती है कि इसे मुख्य हत्यारोपी उदय स्वरूप और उसके सहयोगी लैब असिस्टेंट यशवीर सिंह संधू में से किसी ने चोरी किया या फिर किसी और ने। इसके बाद इसे बेच दिया गया, लेकिन तब से अब तक इस्तेमाल नहीं किया गया। सीबीआई आईपैड के इस्तेमाल होने का इंतजार कर रही थी। जैसे ही इसे प्रयोग किया गया, जांच एजेंसी को सुराग मिल गया। शाह मार्केट से दो दुकानदार हिरासत में लिए गए। केस से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि एक दुकानदार ने अपना रजिस्टर सीबीआई को दिखाया। इसमें आईपैड बेचने वाले व्यक्ति का नाम, फोन नंबर के साथ आईडी भी मिल गई। टीम रजिस्टर को जब्त करके अपने साथ ले गई। हालांकि, इसके बाद सोमवार रात को दोनों दुकानदार छोड़ दिए गए।