इन्हें पता चला कि उसने मकान पर बैंक से चार लाख कर्ज ले रखा है तो चार लाख रुपये देकर कागज निकलवा लिए। इसके बाद 1.50 वाली रकम के बदले 40 लाख का मकान हड़पकर उसे परिवार सहित बाहर निकाल दिया। एसएसपी ने इस पूरे मामले की जांच और आरोपियों पर कार्रवाई के आदेश शाहगंज थाना पुलिस को दिए हैं।
सूदखोर चला रहा बाइक, चालान कट रहे पीड़ित के
रामनगर के अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मोहल्ले के ही सूदखोर रूपा कुशवाहा ने उसकी बाइक छीन ली है। वह और उसके परिजन इस बाइक को चला रहे हैं, हेलमेट न पहनने, तीन सवारी के चालान कट चुके हैं, जिन्हें उसे भुगतना पड़ा है, क्योंकि ये उसके पास आ रहे हैं।
रूपा से उसने 2016 में 15 हजार रुपये सूद पर लिए थे। इसके बदले 25 हजार दे दिए लेकिन वह ब्याज पर ब्याज लगाए चला गया, 48 हजार और बकाया निकाल दिए। यह रकम नहीं दे पाया तो उसकी बाइक छीन ले गया।
सूदखोरों से परेशान हैं तो 9454458046 पर बताएं
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि सूदखोरों से परेशान लोग हेल्पलाइन नंबर पर व्हाट्सएप से प्रार्थनापत्र भेज सकते हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई कराई जाएगी।
सूदखोरों की संपत्ति जब्त की जाए
दस सामाजिक संगठनों ने एसएसपी दफ्तर पर सोमवार को प्रदर्शन कर सूदखोरों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर उनकी संपत्ति जब्त करने की मांग की। सपोर्ट इंडिया के अध्यक्ष एडवोकेट सुरेश चंद सोनी ने कहा कि ग्यासपुरा के मामले में सूदखोरों पर जालसाजी की धाराएं भी लगाई जानी चाहिए।
एसएसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वाली संस्थाओं में सपोर्ट इंडिया, जाटव महापंचायत, डॉ. आंबेडकर समाज एकता संस्थान, युवा बार एसोसिएशन, वीर वाल्मीकि ग्रुप, महिला सुरक्षा समिति, महेंद्र सिंह स्मृति ग्यासी समिति, सोशल केयर सोसायटी, भीम आर्मी एकता मिशन शामिल रहे।