फिरोजाबाद के थाना टूंडला क्षेत्र में ग्राम राजा का ताल के समीप शनिवार सुबह श्रमिक का शव पड़ा मिला। श्रमिक की हत्या कर शव को फेंकने की आशंका जताई गई है। कई साल से वो कांच के कारखाने में काम कर रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
राजा का ताल के समीप खेतों में शनिवार सुबह शव के पड़े होने की सूचना पर डायल 100 टीम पहुंची। युवक के गले में गमछा पड़ा था। काफी देर बाद उसकी शिनाख्त बिहार के जिला मधुवनी के थाना लखनौर के विरमा निवासी मो. मंजूर (40) के रूप में हुई। शिनाख्त उसकी पत्नी सगीरा खातून ने की।
पुलिस ने शव को कब्जे में ही लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा। आशंका है कि उसकी हत्या करके शव फेंका गया है। मृतक के चाचा मोहम्मद नसीर ने बताया करीब 20 वर्ष से थाना टूंडला के ग्राम राजा का ताल में किराए के मकान में ही रहकर कारखाने में काम करता है।