युवक की हत्या करके उसका शव बोरे में बंदकर रेलवे के टैंक वैगन में रख दिया गया। जब टैंक वैगन बाद रेलवे यार्ड पर पहुंचा तो पता चला। युवक की पहचान इटावा के नागेंद्र के रूप में हुई है।
रेलवे का यह टैंक वैगन रविवार की देरशाम को लखनऊ पनकी से चलकर बाद रेलवे स्टेशन के यार्ड में पहुंचा था। रिफाइनरी से इसमें तेल लोड होता। खुले डिब्बे में जब लोगों की निगाह गई तो एक बोरा नजर आया। जब बोरे को खोलकर देखा गया तो उसमें एक युवक का शव था।
तत्काल पुलिस और जीआरपी को सूचना दी गई। युवक की पैंट की जेब से मिले आधार कार्ड और पर्स में रखे कागजों से उसकी पहचान नागेंद्र (26) पुत्र रामचंद निवासी गांव मुंडी थाना बलराई जनपद इटावा के रूप में हुई।
सूचना पर गांव मुंडी से नागेंद्र के परिवार वाले भी पहुंच गए। परिवार वालों के मुताबिक नागेंद्र शादियों में डेकोरेशन का काम करता था। नागेंद्र 22 नवंबर से गायब था। परिवार वालों ने सभी जगह तलाश कर ली थी लेकिन कहीं पता नहीं चल सका।
नागेंद्र के भाई ने इस मामले में जीआरपी में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया है। जीआरपी प्रभारी शिवकुमार सिंह पोनियां ने बताया कि नागेंद्र के गायब होने की कोई रिपोर्ट किसी थाने में नहीं लिखाई गई थी। अब युवक की हत्या कहां की गई है। शव किस तरह वैगन में रखा गया इन सवालों का जवाब पुलिस तफ्तीश में ही चलेगा।