थाना सदर क्षेत्र स्थित सेमरी के आरके पुरम निवासी नरेंद्र कुमार जैन
अपने घर से ही कोल्ड ड्रिंक का थोक का कारोबार करते हैं। उनकी पत्नी बच्चों
के साथ मायके गई हुईं थीं। बुधवार दोपहर 12:30 बजे नरेंद्र खरीदारी करने
बाजार चले गए। घर में उनकी मां कैला देवी अकेली थीं। उन्होंने बताया कि
दोपहर तकरीबन एक बजे चार युवक आए। उन्होंने आते ही पानी के पाउच मांगे।
कैला देवी ने कहा कि बेटे के आने पर ही पाउच मिलेंगे। इस पर एक बदमाश धक्का
देकर घर में घुस आया। दूसरे ने तमंचा निकालकर गोली मारने की धमकी दी। इसके
बाद बदमाशों ने घर की चाबी मांगी। कैला देवी ने कहा कि बहू ले गई है। इस
पर बदमाशों ने उनसे अंगूठी, चेन, कुंडल और पाजेब उतरवा लीं। अलमारी की चाबी
छीनकर उसमें रखे दो लाख रुपये लूट लिए। बदमाश बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो
गए। आधा घंटे बाद नरेंद्र घर लौटे तो मां को बदहवास हालत में देखकर उनके
होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची थाना सदर की पुलिस ने मौका मुआयना किया।
व्यवसायी ने थाने में तहरीर दी है।
सराफ ने थैला न छोड़ा तो लुटेरों ने चलाई गोलियां
आगरा।
साकेत कालोनी, शाहगंज निवासी अभिनव गोयल का मुकेश प्लाजा (चौबेजी का फाटक)
में सोने का कारोबार है। वे मंगलवार की शाम पौने आठ बजे दुकान बंद करके
एक्टिवा से घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि दुकान से ही उनके पीछे एक
एक्टिवा पर दो युवक चल रहे थे। जीआईसी ग्राउंड के पास पहुंचते ही एक्टिवा
सवारों ने ओवरटेक करके उनकी गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद बैग पर झपट्टा मारकर
लूट लिया। उन्होंने विरोध करने की कोशिश की। इसी बीच दूसरी एक्टिवा पर सवार
दो युवकों ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। बदमाशों ने तीन गोलियां चलाईं।
इसके बाद पिस्टल की बट मारकर उन्हें घायल कर दिया। लूटपाट के बाद बदमाश
शाहगंज की ओर भाग निकले। घटना के बाद वे दहशत में आ गए। उन्होंने स्कूटर
उठाया और सीधे घर पहुंच गए। छीने गए बैग में जेवरात और दुकान की चाबियां
थीं। हालांकि व्यवसायी का कहना है कि बैग में केवल चाबियां थीं, लेकिन जिस
ढंग से बदमाशों ने घटना की, उससे वह बहुत डर गए थे।
चौकी के पीछे लुटेरों ने चांदी कारीगर को मारी गोली
आगरा। थाना जगदीशपुरा की बोदला चौकी के पीछे सुभाष पुरम में बुधवार रात एक्टिवा सवार लुटेरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। चांदी कारीगर से थैला लूटने का प्रयास किया। कारीगर की लुटेरों से गुत्थमगुत्था हुई। इस पर उसको गोली मारने के बाद बदमाश थैला लेकर भागने लगने। कालोनी के लोगों ने बदमाशों को घेर लिया। उन्होंने एक फायर किया। लोगों ने पथराव कर दिया। एक बदमाश को पत्थर लगा। इस पर थैला छोड़कर भाग निकले। घायल कारीगर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बोदला चौकी के पीछे के रहने वाले सुभाष पुरम निवासी सोनू अग्रवाल (30) नमक मंडी में मुकेश गुप्ता की दुकान पर चांदी कारीगर का काम करते हैं। मंगलवार रात तकरीबन नौ बजे वह आटो से घर लौटे। उनके पास एक थैले में सात किलोग्राम चांदी थी। बोदला सब्जी मंडी में आटो से उतरने के बाद पैदल कालोनी में जाने लगे। घर से सौ मीटर की दूरी पर पीछे से आए सफेद एक्टिवा सवार तीन बदमाशों ने उनसे थैला लूटने का प्रयास किया। इस पर सोनू उनसे उलझ गया। बदमाश उसके साथ मारपीट करने लगे। थैला नहीं छोड़ा तो बदमाशों ने सोनू के सीने में गोली मार दी। वह वहीं गिर पड़ा। आवाज सुनकर कालोनी के लोग निकले और बदमाशों को घेर लिया। इस पर बदमाशों ने एक और फायर किया। लोगों ने उन पर पथराव कर दिया। एक बदमाश को पत्थर भी लगा, जिससे थैला और तमंचा गिर गए। बदमाश ने दोनों को उठाकर फिर से भागने की कोशिश की, लेकिन तब तक भीड़ ने घेर लिया। उनके पैर उखड़ गए। बदमाशों ने थैला फेंक दिया और सिकंदरा की ओर भाग गए। घायल कारीगर को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। लोगों ने बताया कि एक्टिवा पर नंबर भी नहीं था।