कस्बा के मोहल्ला मल्हन टूला में चचेरे भाई ने जमीन के विवाद के चलते युवक को अवैध हथियार से गोली मार दी। परिवारीजन उपचार के लिए आगरा ले जा रहे थे कि रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया।
पिनाहट के मोहल्ला मल्हन टूला निवासी राजकुमार (17) पुत्र रामभरत और बंटू पुत्र सियाराम दोनों चचेरे भाई हैं। एक ही परिवार के इन दोनों युवकों में बुधवार की शाम लगभग चार बजे घर के बाहर पड़ी खाली जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान गुस्साये बंटू ने अवैध हथियार से राजकुमार पर फायर झोंक दिया और मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल हालत में राजकुमार को उपचार के लिए आगरा भेजा। लेकिन रास्ते में ही राजकुमार की मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिवारीजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। वे कई घंटे तक आगरा-पिनाहट मार्ग पर गैस एजेंसी के पास शव को रोके रहे। खबर लिखे जाने तक परिवारीजनों ने थाने में तहरीर नहीं दी थी। सीओ पिनाहट देवेन्द्र कुमार के साथ पिनाहट सर्किल का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया।
-----
विश्वास में मारा गया राजकुमार
पिनाहट। पड़ोसी लोगों का कहना है कि जमीन के विवाद के बाद भी राजकुमार बंटू का भरोसा करता था। उसे यह नहीं पता था कि जमीन के विवाद में वह बंटू उसे गोली भी मार देगा। यही कारण रहा कि विवाद के दौरान मामला बढ़ा तो वह मौके से भागा नहीं। इसी के चलते बंटू ने गोली मार दी।