मासूम बालक की बरामदगी के संबंध में जानकारी देते पुलिस अधीक्षक
कासगंज जिले में अपहृत चार वर्षीय मासूम बच्चे को पुलिस ने बरामद कर लिया है। उसका अपहरण पांच लाख रुपये की फिरौती के लिए किया गया। पुलिस ने अपहरण के पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वहीं घटना में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं। पिता के मौसेरे भाई ने साथियों व परिजनों के साथ मिलकर अपहरण की घटना को अंजाम दिया।
पटियाली थाना क्षेत्र के गांव ककराला निवासी अशोक कुमार का चार वर्षीय पुत्र हरेंद्र 21 फरवरी को अचानक लापता हो गया था। हरेंद्र के लापता होने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन आठ दिन के बाद बच्चे की रिहाई के बदले पांच लाख की फिरौती की मांग की गई।
बच्चे के अपहरण की शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ल ने एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ पटियाली, स्वॉट टीम, सर्विलांश टीम और थाना पुलिस की टीमें बनाकर उसकी बरामदगी का लक्ष्य तय किया। पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी।