थाना क्षेत्र के ग्राम पोइया में शनिवार शाम कृषि विभाग की टीम ने एक गोदाम पर छापा मारा। यहां अवैध रूप से बाजरा के हाइब्रिड बीज की पैकिंग होते मिली। टीम ने गोदाम स्वामी सहित एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर गोदाम को सील कर दिया। बाजरा बीज का सैंपल भरकर जांच के लिए भेजे गए है। इस गोरखधंधे में कृषि विभाग के अधिकारियों के शामिल होने का भी शक है।
न्यू आगरा निवासी किशोर अग्रवाल का खंदौली थाना क्षेत्र के ग्राम पोइया में अरुति एग्रीटैक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम से बीज गोदाम है। जीवनी मंडी आगरा में उनका आफिस बना हुआ है। शनिवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर एग्रीकल्चर के डिप्टी डायरेक्टर केएन राय के नेतृत्व में गोदाम पर छापामार कार्रवाई की गई। छापे के दौरान गोदाम में बाजरा के हाइब्रिड बीज की शंकर सुपर 535 की रेपर में पैकिंग होते मिली। जबकि पैकिंग के लेबल पर पता औरंगाबाद का अंकित था। डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि गोदाम स्वामी के पास हाइब्रिड बीज की पैकिंग करने का कोई लाइसेंस नहीं है। यहां अवैध रूप से बाजरा के बीज की पैकिंग कराई जा रही है। बाजरे का लगभग 50 क्विंटल बीज मौके पर मिला है। टीम ने गोदाम स्वामी किशोर अग्रवाल और छपाई करने वाले वीके शर्मा को हिरासत में ले लिया है। पैकिंग करने की मशीन और गोदाम को सील कर दिया है। टीम में जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव, एसीएम सेकंड अरुण कुमार आदि शामिल थे।
-------
15 रुपये किलो का बाजरा 400 रुपये किलो में बेचने की थी तैयारी
खंदौली। टीम ने बताया की यहां 15 रुपये प्रति किलो के बाजरे की पैकिंग कर बाजार में 400 रुपये प्रति किलो बेचकर किसानों के साथ ठगी की जा रही है। इस तरह एक किलो पर ही 385 रुपये बचते हैं। टीम ने बाजरा के सैंपल भरे हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए भेजा जाएगा।
क्या कर रहे थे पूर्व कृषि अधिकारी
छापामारी के दौरान कृषि विभाग की टीम यह देखकर चौंक गई कि गोदाम पर आगरा के पूर्व अपर जिला कृषि अधिकारी राजेन्द्र गुप्ता भी बैठे हुए हैं। वे इस समय मेरठ में तैनात हैं। केएन राय ने बताया कि उनसे पूछा गया तो उन्होंने कह दिया कि वे तो ऐसे ही घूमते हुए आ गए थे।