कासगंज हिंसा के आरोपी और उसके साथियों ने नगर पालिका परिषद की चेयरमैन रजनी साहू से 50 लाख रुपये की चौथ मांगी है। चौथ न देने पर उनके बेटे को जान से मार देने की धमकी भी दी है। चेयरमैन की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
चेयरमैन रजनी साहू और उनके पति राजवीर साहू ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ल से मामले की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कासगंज हिंसा के आरोपी जाहिद हुसैन उर्फ जग्गा और उसके साथी रफ्फन ने 21 मई को फोन कर उनके पुत्र रोबिन साहू की हत्या करने की धमकी दी।
इसके बाद 4 जून को आरोपी जग्गा अपने साथियों के साथ चेयरमैन के घर पहुंचा और 50 लाख की चौथ मांगते हुए धमकी दी। 5 जून को आजाद गांधी इंटर कॉलेज के पास ईद मिलन समारोह में आरोपियों ने सप्ताह के अंदर 50 लाख रुपये देने को कहा। रुपये न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।