शहर की उत्तर सीट से चार बार से विधायक और प्रत्याशी जगन प्रसाद गर्ग पर मंगलवार सुबह बल्केश्वर के आदर्श नगर में हमला कर दिया गया। जगन समर्थकों के साथ प्रचार कर रहे थे तभी विमल गुप्ता नाम के शख्स ने तीन लोगों के साथ अपनी कोठी के बाहर आकर उनके सिर पर डंडे से प्रहार किया। भाजपाइयों ने विमल गुप्ता को सपा कार्यकर्ता बताते हुए हंगामा-प्रदर्शन किया और वहीं पर धरना देकर बैठ गए। पुलिस ने इस मामले में विमल और तीन अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है।
घटना सुबह 11 बजे हुई। जगन गर्ग समर्थकों साथ पैदल आदर्श नगर प्रचार करने के लिए गए थे। उनका कहना है कि तभी विमल गुप्ता घर से बाहर निकले और अपशब्द कहने लगे। भाजपाइयों ने उन्हें रोका तो डंडा लेकर उन पर हमला कर दिया। यह उनके सिर पर लगा। विमल के साथ तीन अन्य लोग भी थे। उन्हें गनर सुरेंद्र गौतम ने बचाया। उधर, विमल अपने तीन साथियों सहित भागने लगा। लोगों ने इनमें से एक को पकड़ लिया। इसके बाद भाजपाइयों ने विमल के घर के पास ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सांसद राम शंकर कठेरिया, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष नवीन जैन, महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे सहित बड़ी संख्या में भाजपाई पहुंच गए। सूचना पर न्यू आगरा, हरीपर्वत, सिकंदरा थाना की पुलिस समेत अफसर भी पहुंच गए। पुलिस ने कहा कि केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इस पर भाजपाइयों ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर धरना समाप्त किया। पुलिस ने गनर की तहरीर पर जानलेवा हमला की धारा 307 में केस दर्ज किया है।
सपा ने कहा, हमला भाजपाइयों ने किया
सपा महानगर अध्यक्ष रईसुद्दीन का कहना है कि विमल का भाई अशोक सपा का कार्यकर्ता है। भाजपा कार्यकर्ता विमल के घर पर जबरन अपना झंडा लगा रहे थे। उसने मना किया तो घर में घुसकर उसे पीटा। भाजपाइयों के खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए। पुलिस को इस मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
जगन के साथ धरने पर बैठीं कुंदनिका
इस घटना का सबसे चौंकाने वाला दृश्य यह रहा कि निर्दलीय प्रत्याशी कुंदनिका शर्मा भाजपाइयों के साथ धरना प्रदर्शन में शामिल रहीं। उनका कहना है कि वह हमेशा पीड़ित का साथ देती हैं, इसलिए जगन का साथ देने के लिए पहुंची। बता दें, सपा ने पहले इस सीट से कुंदनिका को ही टिकट दिया था लेकिन बाद में उनका पत्ता साफ हो गया था। वह निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं।
विहिप ने की हमले की निंदा
आगरा। विश्व हिंदू परिषद की बैठक आर्य समाज मंदिर नाई की मंडी में मंगलवार को हुई। महानगर अध्यक्ष दीपक अग्रवाल और कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र गर्ग ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने भाजपा प्रत्याशी विधायक जगन प्रसाद गर्ग पर हमला किया है। यह राष्ट्रवाद पर हमला है। उन्होंने हमले की निंदा की। बैठक में प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर, दिग्विजय नाथ तिवारी, राजीव शर्मा, मोनिश तोमर, श्याम लाल माहौर, विनोद माहौर, दाऊदयाल राठौर, बाबी वाल्मीकि, कुलदीप गहलोत, सतीश शांतनु आदि मौजूद रहे।
केस दर्ज कर लिया गया है। मौके से मिले एक युवक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वह भी घटना में शामिल रहा। मामले की जांच की जा रही है।
- अनुराग वत्स ( एएसपी)